महानायक, महान विचारक एवं मार्गदर्शक, महान लेखक और समाज सुधारक ,पेरियार ललई सिंह यादव जी

आज बहुजन समाज के महानायक, महान विचारक एवं मार्गदर्शक, महान लेखक और समाज सुधारक ,पेरियार ललई सिंह यादव जी का 29 वां परिनिर्वाण दिवस है।इस अवसर पर भारत के नागरिकों, विशेष कर मूलनिवासी बहुजन समाज की ओर से उनके प्रति हार्दिक श्रद्धांजलि और शत-शत नमन!

          उनका जन्म 1 सितम्बर 1911ई को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कठारा गांव में एक सामान्य कृषक परिवार में हुआ था। उनके पिता गुज्जू सिंह यादव एक कर्मठ आर्य समाजी थे। इनकी माता का नाम मूलादेवी थी।ललई सिंह यादव ने 1928ई में उर्दू के साथ हिन्दी से मिडिल पास किया। 1929 ई  से 1931 ई तक ललई यादव फाॅरेस्ट गार्ड रहे। 1931 में सरदार सिंह यादव की बेटी दुलारी देवी के साथ उनका विवाह हुआ था। 1933ई में  वे  सशस्त्र पुलिस कम्पनी,जिला मुरैना (म.प्र.) में कॉन्स्टेबल पद पर भर्ती हुए। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने 1946 ई में पुलिस एण्ड आर्मी संघ ,ग्वालियर की स्थापना की और वे उसके अध्यक्ष चुने गए।

29 मार्च 1947 को ललई यादव को पुलिस व आर्मी में हड़ताल कराने के आरोप में धारा 131 भारतीय दण्ड विधान (सैनिक विद्रोह) के अंतर्गत साथियों के साथ राज-बन्दी बनाया गया। 6 नवम्बर 1947 को स्पेशल क्रिमिनल सेशन जज ग्वालियर ने उन्हें 5 साल सश्रम कारावास और पाँच रूपये अर्थ दण्ड का सर्वाधिक दण्ड दिया क्यों कि वे ग्वालियर नेशनल आर्मी के अध्यक्ष हाई कमाण्डर थे। 12 जनवरी 1948 को अपने सभी साथियों के साथ वे रिहा होकर बाहर आए।

      उसके बाद वे अध्ययन में जुटे गए। इसी दौरान उन्होंने एक के बाद एक स्मृति, पुराण और  रामायण एवं अन्य धर्म ग्रंथों का अध्ययन किया। हिन्दू शास्त्रों में व्याप्त घोर जातिवाद, ऊंच-नीच,अंधविश्वास, विश्वासघात और पाखण्ड से वे  बहुत  विचलित हुए।उन धर्म ग्रंथों में ब्राह्मणों की महिमा का बखान और पिछड़े शोषित समाज की मानसिक दासता के षड़यंत्र से वे काफी व्यथित हो उठे। ऐसी स्थिति में उन्होंने धर्म छोड़ने का मन भी बना लिया। 

दुनिया के विभिन्न धर्मों का अध्ययन करने के बाद वैचारिक चेतना बढ़ने के कारण वे बौद्ध धर्म की ओर प्रवृत्त हुए। उन्हें समझ आ गया था कि बड़ी चालाकी और षड्यंत्र से शोषित (शूद्रों) समाज के दो वर्ग बना दिए गए हैं। एक सछूत-शूद्र और दूसरा अछूत-शूद्र।शूद्र तो शूद्र ही है। अपने जीवन संघर्ष के क्रम में वैचारिक चेतना से लैस होते हुए उन्होंने यह मन बना लिया कि इस दुनिया में मानवतावाद ही सर्वोच्च मानव मूल्य है।उनका कहना था कि सामाजिक विषमता का मूल  वर्ण-जाति व्यवस्था है जो श्रृति, स्मृति, पुराण आदि ब्राह्मणवादी धर्म-ग्रंथों से ही पोषित है। सामाजिक विषमता का विनाश सामाजिक सुधार से नहीं,अपितु इस व्यवस्था से अलगाव में ही समाहित है।

    अब तक उन्हें यह स्पष्ट हो गया था कि विचारों के प्रचार-प्रसार का सबसे सबल माध्यम लघु साहित्य ही है।  यह कार्य अपने हाथ में लेकर प्रकाशन की ओर उन्होंने बहुत ध्यान दिया। दक्षिण भारत के महान क्रान्तिकारी पेरियार ई. वी. रामस्वामी नायकर उस समय उत्तर भारत में कई दौरे किए थे। ललई यादव इनके सम्पर्क में आए।पेरियार रामास्वामी नायकर के सम्पर्क के बाद उन्होंने उनकी लिखित ‘रामायण ए टू रीडिंग’ में विशेष अभिरूचि दिखाई। साथ ही उन्होंने इस किताब का खूब प्रचार-प्रसार किया। 1जुलाई 1968 में पेरियार रामास्वामी नायकर की अनुमति के बाद ललई यादव ने उनकी रामायण को हिंदी में छापने की बातें सोची। जुलाई 1969 को किताब सच्ची रामायण छपकर तैयार हो गई । इसके प्रकाशन से सम्पूर्ण उत्तर पूर्व और पश्चिम भारत में एक तहलका-सा मच गया।लेकिन यूपी सरकार ने 8 दिसम्बर 69 को किताब जब्त करने का आदेश दे दिया। सरकार का मानना था कि यह किताब भारत के कुछ नागरिक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को जान-बूझकर चोट पहुंचाने तथा उनके धर्म एवं धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने के लक्ष्य से लिखी गई है।

            इस आदेश के खिलाफ प्रकाशक ललई सिंह यादव ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दायर की। इस केस की सुनवाई के लिए तीन जजों की स्पेशल फुल बैंच बनाई गई। तीन दिन की सुनवाई के बाद सच्ची रामायण के जब्त के आदेश को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया।

‘सच्ची रामायण’ का मामला अभी चल ही रहा था कि 10 मार्च 1970 में एक और किताब सम्मान के लिए ‘धर्म परिवर्तन करें’ (जिसमें डाॅ. अम्बेडकर के कुछ भाषण थे) और ‘जाति भेद का उच्छेद’ 12 सितम्बर 1970 को सरकार ने जब्त कर लिया।

               इसके लिए भी ललई सिंह यादव ने एडवोकेट बनवारी लाल यादव के सहयोग से मुकदमें की पैरवी की। मुकदमे की जीत के बाद 14 मई 1971 को यूपी सरकार ने इन किताबों के जब्त के आदेश को निरस्त किया।इसके बाद ललई सिंह यादव की किताब ‘आर्यो का नैतिक पोल प्रकाश’ के खिलाफ 1973ई में मुकदमा चला। यह मुकदमा उनके जीवन पर्यन्त चलता रहा।


पेरियार ललई सिंह यादव एक महान साहित्यकार भी थे। उन्होंने हिंदी में पाँच नाटक लिखे थे----

1.अंगुलीमाल नाटक

2.शम्बूक वध

3.सन्त माया बलिदान

4.एकलव्य

5.नाग- यज्ञ नाटक

इसके अतिरिक्त 1926 में लिखित स्वामी अछूतानन्द के अनुपलब्ध नाटक ‘सन्त माया बलिदान’ का पुनर्लेखन भी उन्होंने किया।नाटकों के अलावा उन्होंने तीन वैचारिक पुस्तकें लिखीं –

1. शोषितों पर धार्मिक डकैती

2. शोषितों पर राजनीतिक डकैती

3. सामाजिक विषमता कैसे समाप्त हो?

साहित्य प्रेम और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई

 के लिए उन्होंने एक के बाद एक तीन प्रेस खरीदे। शोषित पिछड़े समाज में स्वाभिमान व सम्मान को जगाने और उनमें व्याप्त अज्ञानता,अंधविश्वास, जातिवाद तथा ब्राह्मणवादी परम्पराओं को ध्वस्त करने के उद्देश्य से उन्होंने अपना सारा जीवन लघु साहित्य के प्रकाशन  में लगा दिया।

‘सच्ची रामायण’ के खिलाफ अपील हाईकोर्ट में हारने के बाद यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में अपील दायर कर दी। यहाँ भी ललई सिंह यादव की सच्ची रामायण की जीत हुई।

बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर की 14 अक्टूबर, 1956 में बौद्ध धर्म ग्रहण करने की घोषणा से ललई यादव बेहद खुश हुए। उनका बौद्ध धर्म की तरफ रूझान था और वे बौद्ध धर्म ग्रहण करना चाहते थे। वे डॉ. अम्बेडकर द्वारा आयोजित बौद्ध धर्म दीक्षा ग्रहण समारोह में जाना चाहते थे लेकिन अश्वस्थता और खून की उल्टी होने के कारण 14 अक्टूबर को दीक्षा भूमि नहीं जा सके। लेकिन 21 जुलाई, 1967 को उन्होंने कुशीनगर जाकर महास्थविर भिक्षु चंद्रमणि के हाथों बौद्ध धर्म की दीक्षा ली। दीक्षा ग्रहण करने बाद ललई सिंह यादव ने एक सार्वजनिक घोषणा की कि ‘आज से मैं मनुष्य हूँ, मानवतावादी हूँ, आज से मैं सिर्फ ललई हूँ। अब मैं कुँवर, चौधरी, सिंह, यादव, अहीर आदि जाति मूल्यों-मान्यताओं से पूर्णतः मुक्त हूँ। अब मैं अपने नाम के साथ किसी भी प्रकार का जातिसूचक या सामंती शब्दावली का प्रयोग नहीं करूँगा।

              24 दिसम्बर, 1973 ई. को पेरियार ई.वी. रामास्वामी का निर्वाण हुआ। उनके निर्वाण के बाद 30 दिसम्बर 1974 को उनकी याद में महान स्मृति सभा हुई। जिसमें दुनिया के महान चिंतक-बुद्धिजीवी आए और अपने विचार रखे।ललई यादव ने भी अपना मत रखा। वे ब्राह्मणवादी धर्म और संस्कृति पर उसी तरह प्रहार कर रहे थे जैसा कि पेरियार ईवी रामास्वामी करते थे। उस स्मृति सभा में उपस्थित कई लाख लोगों ने कहा- हमें हमारे पेरियार मिल गए। आज से हमारे नए पेरियार, पेरियार ललई होंगे। उसके बाद से वे पेरियार ललई के नाम से पुकारे जाने लगे।साथ ही वे उत्तर भारत के पेरियार कहे जाने लगे।

7 फरवरी, 1993 ई को पेरियार ललई जी का परिनिर्वाण हो गया। तो आइए ,हम मूलनिवासी  बहुजन समाज को जागृत करने में  अपने सारे तन मन और धन को अर्पित करने वाले महान योद्धा और नायक पेरियार ललई जी के प्रति शत-शत नमन और हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके सपनों का समतामूलक लोकतांत्रिक भारत बनाने के लिए संघर्ष करें।

     जय ललई !    जय भीम!!    जय भारत!!!

           विलक्षण रविदास

              संरक्षक

बिहार फुले अम्बेडकर युवा मंच

बहुजन स्टुडेंट्स यूनियन, बिहार

Comments

Popular posts from this blog

अपने तो अपने होते हैं - महाराजा बिजली पासी जयंती: लालू प्रसाद यादव

आदिवासी भूमि या रणभूमि

ठीक नहीं हुआ प्रधानमंत्री जी!